राज्य आंदोलनकारियों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूर्ण करना सरकार की प्राथमिकता और कर्तव्यः मुख्यमंत्री

  • सीएम ने शहीद स्थल रामपुर तिराहा में राज्य आन्दोलनकारी शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
  • सभी आंदोलनकारियों को पूरा मान-सम्मान और अधिकार देना राज्य सरकार का संकल्प
  • शहीद स्थल, रामपुर तिराहा में उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों की होगी उपलब्धता
     

रामपुर/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को शहीद स्थल रामपुर तिराहा, मुजफ्फरनगर में राज्य आन्दोलनकारी शहीदों की पुण्य स्मृति पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीद राज्य आन्दोलनकारियों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 02 अक्टूबर 1994 को उत्तराखण्ड के अलग राज्य की प्राप्ति के लिए आंदोलन कर रहे हमारे नौजवानों और माता-बहनों के साथ क्रूरता पूर्वक बर्ताव किया गया। अनेक आंदोलनकारियों की इसमें शहादत हुई। यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी। राज्य आन्दोलनकारियों के द्वारा किये गये संघंर्षों के परिणामस्वरूप हमें उत्तराखण्ड अलग राज्य मिला। राज्य आंदोलनकारियों के सपनों एवं संकल्पों के आधार पर राज्य के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने रामपुर तिराहा, मुजफ्फरनगर स्थित शहीद स्थल में उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों की उपलब्धता एवं स्थानीय उत्पादों के स्थल के रूप में विकसित किए जाने की बात कही।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूर्ण करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सभी आंदोलनकारियों को पूरा मान-सम्मान और अधिकार देने का संकल्प लिया है। राज्य सरकार ने राज्य आंदोलनकारियों को सरकारी नौकरियों में दस प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया है। राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन बढ़ाने के साथ ही राज्य आंदोलकारियों की मृत्यु के पश्चात उनके आश्रितों को भी पेंशन देने का निर्णय लिया है। सरकार राज्य आंदोलनकारियों को ’एक समान पेंशन’ देने के लिए कार्ययोजना तैयार कर रही है। उद्योगों में नौकरी के लिए राज्य आंदोलनकारियों को प्राथमिकता के लिए समुचित व्यवस्था की जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का ’’विकल्प रहित संकल्प’’ लेकर आगे बढ़ रही है। सरकार की नीतियों के केंद्र में राज्य का सर्वांगीण विकास है। राज्य सरकार उत्तराखंड को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मागदर्शन में उत्कृष्ट उत्तराखंड बनाने के लिए वचनबद्ध है। आज केदारनाथ पुनर्निर्माण, बदरीनाथ के मास्टर प्लान कार्य के साथ ही मानसखंड मंदिर माला मिशन पर कार्य चल रहा है। वाइब्रेंट विलेज के तहत सीमांत क्षेत्र में बसे गांवों को प्रथम पंक्ति में लाने का कार्य किया जा रहा है। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने शहीद राज्य आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि हमारे शहीद आंदोलनकारियों के बलिदान की बदौलत हमें उत्तराखंड राज्य मिला। उन्होंने कहा कि भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेई के प्रधानमंत्रित्व काल में उत्तराखण्ड अलग राज्य बना। राज्य निर्माण के बाद उन्होंने उत्तराखण्ड को विशेष औद्योगिक पैकेज भी दिया। उन्होंने कहा आज केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में हर क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने शहीद राज्य आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि युवा साथियों एवं मातृशक्ति ने इस आंदोलन का नेतृत्व किया। शहीदों के सपनों के अनुसार आज राज्य में विकास की नींव रखी जा रही है। मुजफ्फरनगर के स्थानीय लोगों ने भी आंदोलनकारियों का साथ दिया। इस दौरान कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव कुमार बालियान, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार ( उत्तर प्रदेश सरकार) कपिल देव अग्रवाल, विधायक प्रदीप बत्रा, उपाध्यक्ष उत्तराखण्ड संस्कृत साहित्य एवं कला परिषद् मधु भट्ट, गौ सेवा आयोग अध्यक्ष राजेंद्र अंथवाल, जिलाध्यक्ष भाजपा रूड़की शोभा राम प्रजापति, भाजपा जिला अध्यक्ष मुजफ्फरनगर सुधीर सैनी, सचिव संस्कृति हरि चंद्र सेमवाल, जिलाधिकारी हरिद्वार धीराज सिंह गर्ब्याल, निदेशक संस्कृति बीना भट्ट एवं अन्य लोग मौजूद थे।

भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि, कहा गांधी के अहिंसा के विचारों से मिला राज्य

देहरादून। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने गांधी जयंती पर उनके आदर्शों को याद कर, राज्य निर्माण शहीदों को भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा, गांधी जी के अहिंसावादी सिद्धांत ही थे कि राज्य आंदोलनकारियों ने प्राण न्यौछावर कर दिए लेकिन हिंसा का रास्ता नहीं अपनाया। उत्तराखंड को 2025 तक सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने में अपना अपना योगदान सुनिश्चित करना ही शहीदों के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

सचिवालय में बापू व शास्त्री को श्रद्धासुमन अर्पित किए
देहरादून। अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी एवं आनंद वर्धन सहित सचिवों, अपर सचिवों, अन्य उच्चाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सोमवार को सचिवालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर उनके चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर राम धुन बजाई गई।

राजभवन में हुआ प्रार्थना सभा का आयोजन, कलाकारों ने दी गांधी जी के प्रिय भजन की प्रस्तुति
देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने सोमवार को राजभवन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उनके चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर प्रार्थना सभा का भी आयोजन किया गया। राजभवन के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में भातखंडे संगीत महाविद्यालय देहरादून, के कलाकारों द्वारा गांधी जी के प्रिय भजन- ‘‘वैष्णव जन तो तैने कहिये जे पीर पराई जानि रे‘‘, ‘‘श्री राम चन्द्र कृपालु भजुमन’’ तथा ‘‘रघुपति राघव राजा राम’’ की संगीतमय प्रस्तुति दी गयी।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी ने पूरी दुनिया के लिए सत्य और अहिंसा का मार्ग प्रशस्त किया है। उनके सत्य और अहिंसा के सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं जिससे युवाओं को सीख लेने की जरूरत है।

निबंधन मुख्यालय मियांवाला में गांधी जयंती पर चलाया गया स्वच्छता अभियान
देहरादून। गाँधी जयन्ती एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयन्ती के अवसर पर मियांवाला निबंधक मुख्यालय में एक सूक्ष्म कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गांधी जी के भजन  साथ किया गया, भजन के पश्चात निबंधक सहकारिता आलोक पांडे एवं सभी उच्च अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा गाँधी जी व शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये गये।

मसूरी में मंत्री गणेश जोशी ने गांधी एवं शास्त्री को दी श्रद्धांजलि
मसूरी। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को महात्मा योगेश्वर सरस्वती विद्या मंदिर इण्टर कॉलेज, मसूरी में गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग कर मंत्री गणेश जोशी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया साथ ही उन्होंने महात्मा गांधी मूर्ति और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित  कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने गांधी एवं शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित की
देहरादून। महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर रिंग रोड, देहरादून स्थित सूचना निदेशालय में उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। महानिदेशक सूचना ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने अहिंसा का जो मार्ग दिखाया हमें जीवन में उसका अनुसरण कर आगे बढ़ना है।

मूर्ति पर माल्यार्पण किया
देहरादून। गांधी जंयती के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी पार्क में महात्मा गांधी जी मूर्ति पर माल्यार्पण किया। इसके उपरान्त मुख्यमंत्री जी द्वारा शहीद स्थल पंहुचकर शहीद राज्य आंदोलनकारियों के चित्र/प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित किये। इस अवसर मेयर नगर निगम देहरादून सुनील उनियाल गामा स्थानीय विधायक खजानदास सहित अन्य गणमान्य एवं  जिलाधिकारी सोनिका ने शहीद राज्य आंदोलनकारियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।

गांधी के प्रिय भजन रघुपति राघव राजा राम……, रामधुन का गायन किया
देहरादून। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर आज जिलाधिकारी सोनिका ने कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारियों/कार्मिकों के साथ गांधी जी एवं शास्त्री जी के चित्र पर पुष्प अर्पित किये। इसके उपरान्त गांधी जी के प्रिय भजन रघुपति राघव राजा राम……, रामधुन का गायन किया गया। जिलाधिकारी ने दोनांे महापुरूषों के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने देश के लोगों को सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलना सिखाया, अपने हक के लिए अंग्रेजों के जुल्म के खिलाफ शांतिपूर्ण ढंग से लड़ने की प्रेरणा दी। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री ने देश को संकल्प शक्ति दी और अनाज उत्पादन के मामले में देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ाया। कहा कि हमे इन महापुरुषों के योगदान को याद करके कुछ सीखना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *