“इंडियन फेडरेशन ऑफ यूनाइटेड नेशंस अवार्ड” से प्रीतम सिंह हुए सम्मानित

वाचस्पति रयाल‍ @ नरेन्द्रनगर।

उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व वर्तमान में नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह को चंडीगढ़ में आयोजित एक भव्य समारोह में “इंडियन फेडरेशन ऑफ यूनाइटेड नेशंस अवार्ड” से सम्मानित किया गया।
बताते चलें कि उक्त संस्था किसी भी क्षेत्र अथवा समाज में असाधारण प्रतिभा दिखाने,उत्कृष्ट अथवा जोखिम भरा कार्य करने वाले चयनित शख्सियतों को प्रतिवर्ष सम्मानित करती है।

संस्था ने प्रीतम सिंह को यह सम्मान कोरोना काल में किए गए उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए दिया है।
यह भी बताते चलें कि “इंडियन फेडरेशन ऑफ यूनाइटेड नेशंस(IFUNA)” संस्था द्वारा पिछले वर्ष विश्व प्रसिद्ध स्टार क्रिकेटर हरभजन सिंह को अवार्ड देकर नवाजा गया था।
अवार्ड से सम्मानित होने के बाद प्रीतम सिंह ने संस्था का आभार जताते हुए कहा कि वे इस सम्मान को उत्तराखंड कांग्रेस के एक-एक कार्यकर्ता को समर्पित करते हैं।

उन्होंने कहा कि इस सम्मान के असली हकदार वे कांग्रेस कार्यकर्ता हैं-जिन्होंने कोरोना महामारी के दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना दिन-रात जरूरतमंद लोगों की मदद की।

प्रीतम यह बात कहने में भी नहीं चूके कि कोरोना महामारी के दौरान जहां उत्तराखंड सरकार लोगों की मदद करने में नाकाम रही,वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के शहरों से लेकर दूर-दराज के गांवों में पहुंच कर लोगों की हरसंभव मदद की।
उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा प्रदान किया गया यह सम्मान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के समर्पण और सेवाभाव का सम्मान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे इसी तरह निरंतर जनसमस्याओं के निराकरण करने और दुख-दर्द बांटने और समझने में उनके बीच तत्पर और मौजूद रहें।

प्रीतम सिंह के जनहित कार्यों की सराहना करते हुए संस्था ने कहा कि यह सम्मान उनके उत्कृष्ट कार्यों को परिलक्षित करता है।
टिहरी जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश सिंह राणा ने प्रीतम सिंह को इंडियन फेडरेशन ऑफ यूनाइटेड नेशंस द्वारा सम्मानित करने पर कहा कि
कोरोना काल में समाज सेवा के क्षेत्र में मिला यह अवार्ड प्रीतम सिंह के लिए बड़ी उपलब्धि है। वे प्रदेश के पहले राजनेता हैं जिन्हें इस सम्मान से नवाजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *