कांग्रेस नेताओं ने ‘भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा’ की तैयारियों को लेकर किया मंथन

देहरादून। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा कंाग्रेस पार्टी के उदयपुर में आयोजित नव संकल्प घोषणा के अनुरूप भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष में पूरे प्रदेशभर में 9 अगस्त से 15 अगस्त तक ‘‘भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा’’ के आयोजन किया जायेगा। भारत जोडो तिरंगा यात्रा का समापन 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर जिला मुख्यालयों एवं प्रदेश मुख्यालय में आयोजित भव्य समारोह के रूप में किया जायेगा। कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित भारत जोडो तिरंगा यात्रा की तैयारी हेतु आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा की अध्यक्षता में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय देहरादून में आहुत की गई। बैठक में 9 अगस्त क्रांति दिवस से उत्तराखण्ड प्रदेश के सभी जनपदों में 75-75 कि.मी. लम्बी भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा के आयोजन पर विस्तृत से चर्चा हुई। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने जूम के माध्यम से बैठक में प्रतिभाग करते हुए अपने सुझाव दिये। प्रदेश कांग्रेस महामंत्री संगठन विजय सारस्वत ने बताया कि बैठक में भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा के मुख्य संयोजक पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार सभी पर्यवेक्षक/सहपर्यवेक्षक, जिला प्रभारी/सहप्रभारीगणों को निर्देश दिये गये हैं कि वे अपने-अपने पर्यवेक्षण वाले जनपदों में 27 जुलाई से पूर्व जिले के सभी कांग्रेसजनों के साथ आवश्यक रूप से बैठक कर यात्रा की रूप-रेखा तय करते हुए भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा का रूट मैप, यात्राओं का नेतृत्व करने वाले वरिष्ठ नेतागणों की सूची तथा यात्रा में प्रतिभाग करने वाले कार्यकर्ताओं की संख्या के साथ-साथ उन नेतागणों जो पूरे 7 दिन की यात्रा में शामिल रहेंगे, की सूची 27 जुलाई तक आवश्यक रूप से प्रदेश कार्यालय को उपलब्ध करा दें ताकि दिनांक 29 जुलाई तक पूरी जानकारी से पार्टी हाईकमान को अवगत कराया जा सके। बैठक में भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा की तैयारियों के साथ ही यात्रा में उपयोग किये जाने वाले पॉम्पलेट, पोस्टर के नमूने तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके आश्रितों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में कांग्रेस वक्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेशभर में 20 लाख तिरंगे झण्डे लगाने के कार्यक्रम को लेकर कहा कि भाजपा का यह निर्णय कांग्रेस विचारधारा की जीत है, क्योंकि आजादी के आन्दोलन से लेकर आजादी के उपरान्त 60 साल तक भाजपा तथा उसके मातृ संगठन आर.एस.एस. ने कभी भी तिरंगे को स्वीकार नहीं किया यह उनकी पुस्तकों में भी उल्लेखित है। आज भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस की विचारधारा को स्वीकार करने को बाध्य है। भारतीय जनता पार्टी के तिरंगे को सम्मान देने का निर्णय स्वागत योग्य है। बैठक में यह भी तय हुआ कि भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा को सफल बनाने हेतु 1 अगस्त को हल्द्वानी में भी कुंमाऊ मण्डल के जिला/महानगर अध्यक्ष, प्रभारी/सहप्रभारीगण, पर्यवेक्षक/सहपर्यवेक्षकगण, पूर्व सांसद, सांसद प्रत्याशी 2019, विधायकगणों, पूर्व विधायकगणों, 2022 के प्रत्याशीगणों, जिला/महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षगणों, अनुषांगिक संगठनो, विभागों एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्षगणों की बैठक आयोजित की जायेगी। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं यात्रा के मुख्य संयोजक गोविन्द सिंह कुंजवाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन/प्रशासन मथुरादत्त जोशी, प्रदेश महामंत्री संगठन विजय सारस्वत ने प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *