यात्रियों से भरी बस नदी में गिरी

गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह में बड़ा हादसा हुआ है। रांची से गिरिडीह आ रही सवारी बस बराकर नदी में गिर गई है। बस में करीब 30 से ज्यादा लोग सवार थे। यह घटना शनिवार की देर शाम की है। जानकारी के अनुसार, इस हादसे में 25 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। वहीं दो लोगों के मरने की खबर है। हालांकि, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। बस के गिरते ही पूरे इलाके में अफरा तफरी का माहौल बन गया है। बताया जा रहा है कि इस घटना में यात्रियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। सूचना पर पुलिस के साथ स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे हैं। बचाव का कार्य शुरू कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि रांची से गिरिडीह जा रही आलीशान (सम्राट) नाम की बस बराकर नदी में जा गिरी है। घटना गिरिडीह-डुमरी पथ पर स्थित बराकर नदी में घटी है। बताया जाता है कि रांची से गिरिडीह आ रही बस जैसे ही बराकर नदी के पुल पर पहुंची तो चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस नदी में जा गिरी। घटना के बाद अफरा तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। लोग चीखने चिल्लाने लगे। जैसे ही घटना की सूचना मिली स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। स्थानीय लोग बचाव कार्य में जुट गए। लोगों ने पुलिस को भी सूचना दी। थोड़ी देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सूचना पर डीसी नमन प्रियेश लकड़ा और एसपी दीपक शर्मा भी मौके पर पहुंच गए हैं। जो जानकारी मिली है उसके अनुसार बस पर तीस से अधिक लोग सवार थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के पीछे की वजह गाड़ी की तेज रफ्तार थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *