सूखे नाले मे मिला महिला और बच्ची का शव, हत्या की आशंका

देहरादून। पटेलनगर के बड़ोवाला क्षेत्र में एक सूखे नाले में छह माह की बच्ची और एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गयी। दोनों शव करीब तीन दिन पुराने बताए जा रहे हैं। दुर्गंध आने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। आशंका यह जताई जा रही है कि दोनों की हत्या कर किसी ने शव यहां फेंका हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने महिला के शिनाख्त के प्रयास किए किन्तु अब तक उसकी पहचान नही हो पाई है।
पटेलनगर कोतवाली इंस्पेक्टर कमल कुमार लूंठी ने बताया कि बड़ोवाला क्षेत्र में पेट्रोल पंप से आगे सूखे नाले में एक लड़की और करीब छह माह के बच्चे का शव पड़ा मिला है। उनसे दुर्गन्ध आ रही थी। माना जा रहा है कि शव 2-3 दिन पुराना हो सकता है। पुलिस के अनुसार बड़ोवाला में जो दो शव मिले हैं उनके बारे में माना जा रहा है कि दोनों मां बेटी हैं। हालांकि इसका पता डीएनए रिपोर्ट के बाद ही चल सकता है। लेकिन यह बात पुलिस की मुश्किलें और बढ़ा रही है। पहले तो शवों की पहचान करना ही चुनौती है। इसके बाद दोनों के बीच संबंध में खंगालने होंगे। मरने वाली दोनों मां-बेटी ही हुईं तो शक की सुई परिवार पर भी घूमेगी। मौके पर शव की शिनाख्त के प्रयास किए गए लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई। इसके बाद महिला और बच्ची के शवों की शिनाख्त के लिए पुलिस ने कोशिश तेज कर दी है। इस मामले के लिए टीम का गठन किया गया है। आस-पास के थाना क्षेत्रों के अलावा यूपी के सीमावर्ती जिलों में भी घटना के बारे में जानकारी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *