पंचतत्व में विलीनहुए प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा विधायक हरबंश कपूर

देहरादून। भाजपा के वरिष्ठ विधायक हरबंस कपूर का देर रात आवास पर हृदय गति रूकने से निधन हो गया। सोमवार को लक्खी बाग श्मशान घाट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ विधायक हरबंस कपूर को अंतिम विदाई दी गई । अंतिम संस्कार के समय विधायक कपूर के परिजन, सगे संबधी, रिश्तेदार, प्रदेश के कई मंत्री, विधायक और भाजपा के अनेक प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे।
इससे पूर्व भाजपा के वरिष्ठ विधायक हरबंस कपूर के अंतिम दर्शन के दौरान भाजपा कार्यालय पर गमगीन माहौल के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गयी। इस दौरान कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। दिवंगत वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हरबंस कपूर के पार्थिव शरीर को अन्तिम दर्शन के लिए बलबीर रोड पर मौजूद भाजपा मुख्यालय पर लाया गया। जैसे ही हरबंस कपूर की अंतिम यात्र भाजपा कार्यालय पर पहुंची, पूरा भाजपा कार्यालय हरबंस कपूर के जयकारों से गूंज उठा। भाजपा कार्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि दी। भाजपा कार्यालय में हरबंस कपूर के अंतिम दर्शन के बाद उन्हें पार्टी के झंडे के साथ अंतिम संस्कार के लिए विदा किया गया। दिवंगत कपूर के अंतिम दर्शन के लिए वहां पहले से ही मौजूद सैकड़ों कार्यकर्ता, प्रदेश सरकार में मंत्री और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे। इस अवसर पर उपस्थित लोग आंखों में नमी लिए प्रदेश के इस वरिष्ठतम विधायक के सरल व्यवहार और कुशल नेतृत्व की प्रशंसा करते नजर आए। इस मौके पर पार्थिव शरीर पर प्रदेशा अध्यक्ष मदन कौशिक, राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिव प्रकाश, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत, धन सिंह रावत, कुलदीप कुमार, राजेंद्र भण्डारी ने पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पार्टी के वरिष्ठतम नेताओं में शुमार दिवंगत हरबंस कपूर को श्रद्धांजलि देने के लिए प्रदेश मुख्यालय में उपस्थित सैकड़ों की संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भी अश्रुपूर्ण विदाई दी। वहीं लक्खी बाग स्थित कपूर के अंतिम संस्कार में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, गणेश जोशी, विधायक विनोद चमोली, मेयर सुनील उनियाल गामा, पूर्व सांसद बलराज पासी, ज्योति प्रसाद गैरोला, पुनीत मित्तल व बलजीत सोनी सहित भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सुबह चाय पीने के लिए उठाया तो नहीं उठ पाए कपूर

देहरादून। भाजपा के वरिष्ठ विधायक हरबंश कपूर के परिजनों ने बताया कि वे पूरी तरह स्वस्थ थे और पार्टी की तमाम बैठक और अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय थे। रविवार को भी उन्होंने विभिन्न बैठकों में प्रतिभाग किया। रात को वे भोजन करने के बाद अपने इंदिरा नगर स्थित आवास पर सो गए थे। सुबह जब उन्हें चाय पीने के लिए उठाया गया तो वे नहीं उठे। कपूर 75 वर्ष के थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *