वैष्णो देवी मंदिर में मची भगदड़,12 लोगों की मौत

जम्मू । नव वर्ष पर कही खुशियों की बौछार तो कही दुखों को पहाड़ बनकर आया है। वहीं शनिवार सुबह नव वर्ष के पहले दिन जम्मू के माता वैष्णो देवी मंदिर भवन के पास भगदड़ मच गई। इस घटना में अभी तक 12 लोगों की मारे जाने की पुष्टि हुई है। भगदड़ में मारे गए लोग दिल्ली, हरियाणा, पंजाब से वैष्णो देवी आए थे। मारा गया एक श्रद्धालु जम्मू-कश्मीर का निवासी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के ब्लॉक मेडिकल अफसर डॉ गोपाल दत्त के अनुसार, अब तक 12 लोगों के मौत की पुष्टि हुई है जबकि 13 लोग घायल बताए जा रहे हैं। जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने भी कटरा के माता वैष्णो देवी भवन में मची भगदड़ में 12 की मौत और 13 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है।

उन्होंने बताया कि यह घटना एक जनवरी की सुबह लगभग 2ः45 बजे हुई। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि भवन में काफी भीड़ थी। श्रद्धालुओं के बीच किसी बात पर बहस हो गई। बात बढ़ने पर लोगों ने एक-दूसरे को धक्का देना शुरू कर दिया। जिसके बाद भगदड़ मच गई। डॉक्टर के अनुसार शवों का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। घायलों को नारायणा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भगदड़ की वजह से वैष्णो देवी यात्रा रोक दी गई है। उल्लेखनीय है कि नए साल के मौके पर माता वैष्णो देवी मंदिर के दर्शन के लिए कई राज्यों के श्रद्धालु कटरा पहुंचते हैं। त्योहारों के मौके पर माता वैष्णो देवी मंदिर आने वालों श्रद्धालुओं की तादाद अन्य दिनों के मुकाबले बढ़ जाती है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैष्णो देवी हादसा पर शोक जताया है। प्रधानमंत्री ने हादसे के बारे में जम्मू-कश्मीर के लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा से बात कर पूरी जानकारी ली। उन्होंने गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह को हालात नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पीएम नेशनल रिलीफ फंड से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख का मुआवजा देने का ऐलान किया है। वहीं, घायलों को इलाज के लिए 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। जम्मू कश्मीर के लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा ने भी मुआवजे की घोषणा की है। जम्मू कश्मीर सरकार मृतक के परिजनों को 10-10 लाख और घायलों को 2-2 लाख रुपये का मुआवजा देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *