कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक को भाजपा पार्टी से किया बर्खास्त

देहरादून। भाजपा ने कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत को पार्टी से बर्खास्त कर दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने इसकी पुष्टि की है। इसके साथ ही डॉ. हरक सिंह रावत को कैबिनेट से भी हटा दिया गया है। काफी दिनों से हरक सिंह बीजेपी से नाराज चल रहे थे। जिसके बाद से ही उनके कांग्रेस में जाने के कयास लगाये जा रहे थे। रविवार शाम को ही डॉ. हरक सिंह रावत दिल्ली पहुंचे थे। बताया जा रहा था कि वे अपनी पुत्रवधू अनुकृति के लिए टिकट की पैरवी करने के लिए यहां पहुंचे थे। मगर इस बीच ऐसे राजनीतिक समीकरण बने की बीजेपी ने उन्हें पार्टी से ही बर्खास्त कर दिया है। इससे पहले हरक सिंह रावत बीजेपी की कोर ग्रुप की मीटिंग में भी नहीं पहुंचे थे। कोर ग्रुप का सदस्य होने के बावजूद भी हरक सिंह मीटिंग में नहीं आए थे। जिसके बाद अटकलें लगाई जा रही है कि हरक सिंह नाराज हैं। दरअसल हरक सिंह, लैंसडाउन से अपनी पुत्रवधू अनुकृति गुसाईं के लिए टिकट की पैरवी कर रहे हैं, मगर लैंसडाउन से विधायक दिलीप रावत इसके विरोध में हैं। साथ ही भाजपा संगठन भी हरक से नाराज है। कहा जा रहा है इसी को देखते हुए ये बड़ा फैसला लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *