सरकार आते ही जेल भेजे जाएंगे अवैध खनन माफियाः प्रभारी

  • अवैध खनन को लेकर कांग्रेस ने सीएम धामी को घेरा
  • बोले, प्रदेश प्रभारी,कांग्रेस सरकार आने पर जेल भेजे जाएंगे खनन माफिया
  • पांच साल के राजस्व के आंकड़ें सामने रखे
  • कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद पर भी साधा निशाना

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में जुबानी जंग तेज होती जा रही है, भाजपा-कांग्रेस कोई मौका हाथ से जाने नही दे रही है। अब कांग्रेस ने अवैध खनन को लेकर सीधे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर निशाना साधा है। धामी को अवैध खनन प्रेमी करार देते हुए एक वीडियों भी जारी किया है, साथ ही पांच साल के राजस्व के आंकड़े सामने रखे है। अवैध खनन को लेकर एक बार फिर चुनाव से पहले कांग्रेस ने हल्ला बोल दिया है। खास बात यह है कि इस बार खुद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सरकार में कैबिनेट मंत्री यतीश्वरानंद पर सीधे-सीधे आरोप लगाते हुए पार्टी ने अवैध खनन करने वालों को सरकार आते ही जेल भेजने का ऐलान किया है। गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव व राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश का युवा बेहाल है ओर अवैध खनन माफिया मालामाल हो रहें है। देव भूमि की भूमि को खनन प्रेमी मुख्यमंत्री से बचाना है। गौरव ने पिछले पांच साल के खनन राजस्व के आंकड़े सामने रखते हुए व सीएम धामी का एक वीडियों जारी करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री यतीश्वरानंद अवैध खनन करा रहें है। पिछले पांच सालों में कभी भी राज्य सरकार खनन राजस्व का लक्ष्य हासिल नही कर सकी, जो यह दर्शाता है कि प्रदेश में बड़े पैमाने पर अवैध खनन हो रहा है। प्रदेश की राजनीति में अवैध खनन हमेशा ही एक बड़ा मुद्दा रहा है, इस बार चुनाव से 10 दिन पहले कांग्रेस ने इस मामले पर भाजपा को कटघरे में खड़ा किया है। वल्लभ ने कहा राज्य में अवैध खनन को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह खनन को स्मूथली चलाने की बात कह रहे हैं। गौरव वल्लभ ने कहा सरकार के कैबिनेट मंत्री यतीश्वरानंद पर भी उन्हीं के कार्यकर्ता अवैध खनन कराने के आरोप लगाते रहे हैं, लिहाजा कांग्रेस की सरकार आने पर अवैध खनन करने वालों को जेल भेजा जाएगा। कांग्रेस एक जिम्मेदार पार्टी है, इसीलिए सरकार आने पर वह इस मामले को लेकर एक जांच भी करवाएगी, इस जांच में दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों पर कार्रवाई की जाएगीं। उन्होंने कहा इस मामले में यदि मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री दोषी पाए जाते हैं तो उन्हें भी जेल जाना होगा। उन्होने केंद्रीय अनुमति के बिना खनन कराने पर हाईकोर्ट के आदेश की प्रशंसा भी की। इस मौके पर प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, मीडिया कमेटी के अध्यक्ष राजीव महर्षि, महामंत्री संगठन मथुरा दत जोशी व गरिमा महरा दसोनी आदि मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *