दर्दनाक हादसाः सात सड़क हादसें में 21 लोगों की मौत, 17 घायल

  • पीएम मोदी ने जताया दुख, 2-2 लाख मुआवजे का ऐलान
  • सीएम धामी, स्पीकर अग्रवाल व सांसद डॉ. निशंक ने जताया गहरा शोक

देहरादून/चंपावत। उत्तराखण्ड में मंगलवार का दिन अमंगलकारी साबित हुआ। प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर हुए 7 सड़क हादसों में 21 लोगों की जान चली गई जबकि 17 लोग घायल हो गए। घायलों में से कई की हालात गंभीर है। कई का इलाज अभी भी अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। सबसे बड़ा और दर्दनाक हादसा चंपावत जनपद में हुआ जहां 14 बारातियों की मौत हो गई। चंपावत जनपद में बीते देर रात एक बारात से लौट रहा मैक्स वाहन खाई में गिर गया। हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में चार महिलाएं और एक पांच साल की बच्ची भी शामिल है। जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक हादसा सूखीढांग-डांडामीनार रोड पर हुआ। हादसे के वक्त मैक्स वाहन में 16 लोग सवार थे। दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों घायलों को लोहाघाट और टनकपुर के उप जिला चिकित्सालयों में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि मैक्स वाहन संख्या यूके 04 टीए 4712 में सवार सभी लोग टनकपुर के पंचमुखी धर्मशाला में ककनई निवासी लक्ष्मण सिंह के पुत्र मनोज सिंह की शादी में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे।रात 3 बजकर 20 मिनट के आसपास मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। अधिकांश मृतक लक्ष्मण सिंह के सगे संबंधी बताए जा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस व रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। 14 शवों को खाई से बाहर निकाला गया है। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को उपचार के लिए उप जिला अस्पताल लोहाघाट और टनकपुर लाया गया है। यहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। घायलों में चालक की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। इस हादसे से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। वहीं दूसरे हादसे में दूसरा हादसा बाजपुर कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर पट्टी में हुआ। यहां शादी से बाइक पर वापस आ रहे दंपति और दो जुड़वां बच्चों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पिता और उसके एक पुत्र की मौके पर ही मौत गयी। तीसरा हादसा पौड़ी जिले में भी एक निजी वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने पर तीन लोगों को जान गंवानी पड़ी। पौड़ी जिले में यह दुर्घटना दुगड्डा के पास हुई है। वाहन में कुल 5 लोग सवार बताए जा रहे थे, जिनमें से 3 लोगों की मौत हो गई। दो घायलों को कोटद्वार के बेस अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। मृतकों में तीनों शिक्षक हैं। चौथा सड़क हादसे में भीमताल घूमकर दिल्ली वापस लौट रहे पर्यटकों की कार भीमताल के सलड़ी क्षेत्र में खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार 5 लोग घायल हो गए। घायलों का रेक्स्यू कर लिया गया है। वहीं पांचवें हादसे में मसूरी के टिहरी बाईपास लक्ष्मणपुरी के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उप जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। वहीं छठी सड़क दुर्घटना में ऋषिकेश के पाास मुनिकीरेती इलाके में दो युवकों की हादसे में मौत हो गई है। एक युवक और एक युवती घायल हैं। इनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। कार सवार ये लोग शिवपुरी से ऋषिकेश की ओर आ रहे थे। सातवें हादसे में गोपेश्वर पोखरी मोटर मार्ग पर कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। कार सवार दोनों व्यक्ति सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हालांकि दोनों को हल्की चोटे आई हैं।

चंपावत सड़क हादसे में 14 मृतकों के नाम
देहरादून/चंपावत। लक्ष्मण सिंह पुत्र ध्यान सिंह उम्र 61 वर्ष निवासी ककनाई, केदार सिंह पुत्र दान सिंह आयु 62 वर्ष निवासी ककनई, ईश्वर सिंह पुत्र फतेह सिंह उम्र 40 वर्ष निवासी ककनई, उमेद सिंह पुत्र गणेश सिंह उम्र 48 निवासी ककनई, हयात सिंह पुत्र दीवान सिंह उम्र 37 वर्ष निवासी ककनई, पुनी देवी पत्नी नारायण सिंह उम्र 55 वर्ष निवासी हल्द्वानी, भगवती देवी पत्नी होशियार सिंह उम्र 45 वर्ष, पुष्पा देवी पत्नी शेर सिंह उम्र 50 वर्ष निवासी ककनई, बसंती देवी पत्नी नारायण दत्त भट्टð उम्र 35 वर्ष निवासी चंपावत, श्यामलाल पुत्र धनीराम उम्र 50 वर्ष निवासी डांडा, विजय लाल पुत्र ईश्वरी राम उम्र 48 वर्ष निवासी डांडा, हीरा सिंह पुत्र उमेश सिंह आयु 15 वर्ष निवासी डांडा, देवांशी पुत्री बसंती देवी उम्र 4 वर्ष निवासी चंपावत, नीलावती पत्नी कुंवर सिंह उम्र 58 वर्ष निवासी चोरगलिया के नाम शामिल हैं।

पीएम मोदी व सीएम धामी ने जताया गहरा दुख
देहरादून। चंपावत हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने के मृतकों के प्रति शोक संवेदना जताई। पीएम ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान किया। घायलों को 50-50 हजार रुपए की मदद देने की घोषणा भी की गई।
वहीं सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी सड़क हादसों पर गहरा दुख जताया। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि आज प्रातः सुखीढांग-डांडा- मीनार मार्ग के पास बारात से लौट रहे वाहन के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने का दर्दनाक समाचार मिलने से मन व्यथित है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना करता हूं। वहीं हरिद्वार सांसद और पूर्व सीएम रमेश पोखरियाल निशंक और विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने भी हादसे पर गहरा शोक जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *