घर में सोते हुए पाटल से दिया दोहरे हत्याकांड का अंजाम

  • जसपुर क्षेत्र में सामने आया दिल दहला देने वाला मामला
  • आरोपी निखिल नाथ बच्चों को बहन के घर छोड़कर हुआ फरार

जसपुर। पति की आशिक मिजाजी का विरोध करना उसकी पत्नी और सास को भारी पड़ गया। पति ने घर में सोते हुए अपनी पत्नी और सास की पाटल से हमला कर हत्या कर दी और फरार हो गया। हत्यारोपी ने इस हत्याकांड की सूचना अमरोहा निवासी बहन को दी, जिसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने मां-बेटी की लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डबल मर्डर की सूचना फैलते ही से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। वहीं  हत्या के बाद आरोपी अपने बच्चों को लेकर अपनी बहन के घर छोड़ कर फरार हो गया। रविवार को मौहल्ला नत्था सिंह, पंडो वाला कुएं के पास रहने वाले निखिल उर्फ सोनू मामा पुत्र कैलाश नाथ वैद्य के घर पहुंची पुलिस ने घर का ताला तोड़कर छानबीन शुरू की। अन्दर दाखिल हुई पुलिस ने कमरों का नजारा देखा तो हक्की-बक्की रह गयी। घर के एक कमरे में निशू (35 वर्ष) तो दूसरे कमरे में नीशू की मां जयंती देवी (55 वर्ष) की लाश पड़ी थी। डबल मर्डर की खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। मौके पर भारी भीड़ इकट्टा हो गई। सूचना मिलने पर मृतका निशू के पिता वीर सिंह, भाई अशोक और बहन पिंकी भी वहां आ गए। जानकारी देते हुए मृतका के भाई अशोक ने बताया कि उसके जीजा निखिल नाथ उर्फ सोनू ने अपनी पत्नी निशू और सास जयंती देवी  की पाटल से वार कर हत्या कर दी है। हत्या के बाद आरोपी अपने बच्चों को लेकर अपनी बहन के घर छोड़ कर फरार हो गया। हत्यारोपी ने घटना की जानकारी अपनी बहन सोनी को दी। सोनी ने जसपुर में अपने रिश्तेदार को फोन कर घटना के बारे में बताया तथा पुलिस को सूचना देने को कहा। वहीं, मृतका के पिता वीर सिंह ने बताया कि सोनू घर में अक्सर लड़कियां लेकर आता था। एक सप्ताह पहले वह घर में लड़की लाया था। इसको लेकर विवाद हुआ था। शनिवार रात को उसकी मां जयंती देवी अपनी बेटी के साथ जसपुर आई थी। सोनू ने दोनों को बारी-बारी से काट डाला। हत्या का कारण प्रेम प्रसंग से इनकार नहीं किया जा सकता है। पुलिस ने बताया कि सोनू ने अपनी पत्नी और सास की गला रेतकर हत्या की है। सोनू की यह दूसरी पत्नी है इससे पहले उसकी शादी हुई थी लेकिन विवाद के चलते उसका तलाक हो चुका था। पहली पत्नी से उसे एक बेटी है जो बारह साल की है। पुलिस टीमें में कई जगह छापा मार रही हैं। शीघ्र ही हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इधर दूसरी ओर दोहरा हत्याकांड से क्षेत्र में दहशत व्याप्त है और इस हत्याकांड के पीछे विभिन्न चर्चाएं चल रही हैं। इसमें हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग तथा अवैध संबंध बताए जा रहे हैं। दोनों की लाश देखकर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।

मृतका के परिजनों ने कराया पति सहित चार पर दहेज हत्या का मुकदमा
डोईवाला। जनपद के डोईवाला में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने मृतका के पति सहित परिवार के कुल चार लोगों पर दहेज हत्या का मामला दर्ज करवाया है। जानकारी के अनुसार डोईवाला में थाना रानीपोखरी अंतर्गत भोगपुर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने मृतका के पति समेत परिवार के चार लोगों पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। नवविवाहिता ने शनिवार की रात को रोते हुए अपनी बहन से बात की और स्वजनों को सुबह उसकी मौत की खबर मिली। यह मामला रानीपोखरी थाना क्षेत्र के चक सिंधवाल गांव का है। जहां विजेंद्र सिंह की पुत्री आरती का विवाह पवन रावत निवासी भोगपुर से 12 दिसंबर 2021 में हुआ था। मृतक के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि विवाह के पहले दिन से ही आरती को कम दहेज देने के चलते ससुराल में परेशान किया जाता था। तहरीर में मृतका के पति पर आरोप लगाया गया है कि उसके किसी अन्य महिला से अवैध संबंध भी थे। साथ ही बताया गया कि शादी के बाद से ही मृतका डरी और घबराई हुई रहती थी। शनिवार की शाम सात बजे आरती ने अपनी बड़ी बहन पूजा को भी फोन किया था, जिसमें वह अपनी बड़ी बहन से बात करते हुए बहुत घबराई हुई थी और रो रही थी। उसके बाद आरती ने फोन काट दिया और आरती से स्वजनों का कोई संपर्क नहीं हो पाया। इतना सब होने के बाद रविवार की सुबह आरती का पति पवन रावत उसके मायके आया और आरती को बाथरूम में फिसलने से चोट लगने की बात कही। साथ ही बताया कि वह हिमालयन हास्पिटल जौलीग्रांट में भर्ती है। जिसके बाद फौरन ही लड़की के स्वजन हिमालयन हास्पिटल पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उन्हें बताया गया कि उनकी पुत्री की दस घंटे पहले ही मौत हो चुकी थी। जिसके बाद लड़की के पति पवन रावत ने अपना बयान बदलते हुए बताया कि आरती ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। लड़की के पिता ने पुलिस को अपनी तहरीर सौंप दी है। जिसके आधार पर पुलिस ने पति पवन, देवर नितिन, सास राजेश्वरी देवी व मौसा चंद्रशेखर रावत के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस मामले को लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *