आराकोट गांव में महिला की हत्या, महिला के हाथ व पांव बंधे हुए मिले  

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले के मोरी ब्लॉक के आराकोट गांव में एक महिला की हत्या का मामला प्रकाश में आया है। घटना स्थल पर महिला के हाथ व पांव बंधे हुए मिले। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए सीएचसी नौगांव भेज दिया है। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मामला हत्या का लग रहा है। वहीं दूसरी ओर परिजनों ने तत्काल आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग की है। घटना उत्तरकाशी जिले के सीमांत ब्लॉक मोरी के आराकोट गांव की है। जहां शुक्रवार को होली के दिन आराकोट गांव की 48 वर्षीय राधिका उर्फ राधा देवी पत्नी अबल दास अपने कमरे में मृत मिली। मामला संज्ञान में तब आया जब सुबह को गांव के लोग होली खेलते-खेलते राधा के घर पहुंचे। जहां उन्होंने दरवाजा खोला तो महिला के हाथ पैर बंधे हुए मिले। जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद मोरी पुलिस स्थल पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए नौगांव भेज दिया। थानाध्यक्ष मोरी सतीश घिल्ड़ियाल ने बताया कि मृतका की बेटी मनीषा की तहरीर पर मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर दिया है। स्थानीय लोगों से धटना की जानकारी ली जा रही है। उन्होंने कहा कि मामला प्रथम दृष्टया हत्या का प्रतित होता दिखाई दे रहा है। मोरी ब्लॉक के आराकोट गांव निवासी मनमोहन चौहान ने बताया कि मृतक महिला के पति पशुपालन विभाग उतरकाशी में कार्यरत हैं। जो दूसरी पत्नी के साथ उत्तरकाशी में ही रहते हैं। लेकिन 48 वर्षीय मृतका राधिका बीते दस वर्षों से गांव में अकेले ही रहती थी। वर्ष 2018 में आराकोट क्षेत्र में आई भीषण आपदा में महिला का मकान बह गया था। जिसके बाद उक्त महिला गांव में स्थित पंचायत भवन के एक कमरे में अकेले ही अपना जीवन यापन करती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *