भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के स्वागत को कांगड़ा तैयार

नगरोटा बगवां। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की 22 अप्रैल को कांगड़ा जिला के नगरोटा बगवां में प्रस्तावित रैली की तैयारियों की समीक्षा की। वह सायं करीब पांच बजे गगल से सीधे सभा स्थल पहुंचे। उन्होंने सभास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा कुछ सुझाव भी दिए। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग के मंडल कार्यालय के नए भवन का भी दौरा किया । मुख्यमंत्री ने संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को इस आयोजन को बड़े स्तर पर सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष चार राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की भारी जीत के उपरांत पहली बार कांगड़ा जिला का दौरा कर रहे हैं। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, राज्य सभा सांसद इंदु गोस्वामी, विधायक अरुण कुमार व राकेश जमवाल, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, वूल फेडरेशन के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर, कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष डा. राजीव भारद्वाज सहित अन्य नेताओं ने बैठक में भाग लिया। गौर हो कि भारतीय जनता पार्टी की शीर्ष सरदारी संभालने और हाल ही में कई राज्यों में पार्टी को जीत दिलाने के बाद पहली बार जिला कंगडा पहुंच रहे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के स्वागत में कोई कसर न रहे, इसके लिए गुरुवार को भी कार्यकर्ताओं सहित नेताओं ने भी खूब पसीने बहाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *