‘बीज बम अभियान सप्ताह’ का सीएम ने किया शुभारंभ

पर्यावरण संरक्षण पर आधारित पुस्तक ‘हिमालयी जन सरोकार’ पुस्तक का किया विमोचन
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में ‘बीज बम अभियान सप्ताह’ का शुभारंभ किया। हिमालय पर्यावरण जड़ी-बूटी एग्रो संस्थान ‘जाड़ी’ द्वारा यह बीज बम अभियान सप्ताह 09 जुलाई से 15 जुलाई 2022 तक चलाया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित पुस्तक ‘हिमालयी जन सरोकार’ का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हिमालय पर्यावरण जड़ी-बूटी एग्रो संस्थान द्वारा द्वारिका प्रसाद सेमवाल के नेतृत्व में बीज बम अभियान की शुरूआत कर सराहनीय कार्य किया जा रहा है। यह मानव एवं वन्यजीव संघर्ष को कम करने की दिशा में सराहनीय कदम है। समय के साथ जैव विविधता प्रभावित हो रही है। जंगली जानवरों को जंगलों में खाद्य की उपलब्धता हो, इस दिशा में बीज बम अभियान एक अच्छा प्रयोग है। यह वैज्ञानिक तरीके से चलाया जा रहा अभियान है, जिसमें खर्चा भी बहुत कम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी अभियान जन भागीदारी से ही बड़ा अभियान बनता है। सरकार द्वारा चलाये जा रहे अभियान तभी सफल होते हैं, जब उनमें अधिक से अधिक जन सहभागिता हो। उन्होंने कहा कि हम अपनी आने वाली पीढ़ियों को पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन कर क्या दे सकते हैं, इस बारे में सबको गम्भीरता से सोचना होगा एवं इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ने की जरूरत है। इकोलॉजी के संरक्षण की दिशा में राज्य सरकार अनेक कार्य कर रही है। उत्तराखण्ड में सकल पर्यावरणीय उत्पाद (जीईपी) का आकलन किया जा रहा है। राज्य सरकार इकोलॉजी एवं इकोनॉमी में सामंजस्य बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि 2025 में उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती मनायेगा। 2025 तक उत्तराखण्ड को विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी राज्य बनाने के लिए सरकार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि विभागों, संस्थानों एवं सामाजिक क्षेत्र से लोगों द्वारा प्रदेश हित में क्या किया जा सकता है, इस दिशा में विशेष ध्यान देने की जरूरत है। राज्य के समग्र विकास के लिए विचारों की श्रृंखला ‘बोधिसत्व’ कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बुद्धिजीवियों के सुझाव लिये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीज बम अभियान को व्यापक स्तर तक ले जाना होगा। इस अवसर पर डॉ. मोहन सिंह रावत ‘गांववासी’, बीज बम अभियान के संस्थापक द्वारिका सेमवाल, पूर्व प्रमुख वन संरक्षक जयराज, मुख्य विकास अधिकारी पौड़ी प्रशांत आर्य, कुलपति एस.जी.आर.आर यूनिवर्सिटी डॉ. यू. एस. रावत, प्रो. एम.एस.पंवार, प्रो. एम.एस.एम. रावत, डॉ. अरविन्द दरमोड़ा, एम्स ऋषिकेष से डॉ. संतोष, सावित्री उनियाल एवं वर्चुअल माध्यम से राज्य के विभिन्न जनपदों से जुड़े अधिकारी व इस अभियान से जुड़े लोग शामिल थे।

स्कूली बच्चों को ‘बीज बम अभियान‘ की जानकारी दी
टिहरी। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल इवा आशीष श्रीवास्तव के दिशा निर्देशन में ‘बीज बम अभियान‘ कार्यक्रम से ऑनलाइन जुड़ने के लिए विकास भवन सभागार नई टिहरी में कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस मौके पर अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्कूली बच्चों द्वारा प्रतिभाग किया गया। इस मौके पर जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार ने स्कूली बच्चों को बीज बम अभियान पद्धति की जानकारी देते हुए स्वयं इस अभियान का हिस्सा बनकर अन्य को भी जागरूक करने की बात कही। कहा कि बीज बम बनाने का बहुत ही सिंपल तरीका है, मिट्टी और गोबर के गोले बनाकर उसके अंदर बीज रखना है, औऱ बीज बम बनने के बाद इनको जंगलों में रखा जाएगा, इससे वनस्पति तैयार होगी और उनके फल फूल जंगली जानवरों को खाने के लिए मिलेंगे और वे घनी आबादी में नही आएंगे और न ही फसलों को नुकसान पहुंचाएंगे। इससे पर्यावरण का भी संरक्षण होगा। उन्होंने वन विभाग को बीज बम अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु प्लान बनाकर कार्य करने को कहा। साथ ही जन आंदोलन के रूप में स्वयं सहायता समूह, महिला मंगल दल, युवक मंगल दल, वन पंचायत प्रतिनिधि पंचायत आदि की भागीदारी से कार्यक्रम को सफल बनाने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *