उत्तराखंड की मानसी ने 10,000 मीटर वॉकरेस 47 मिनट 30 सेकेंड में पूरी कर जीता स्वर्ण पदक

वॉकरेस में राष्ट्रीय कीर्तिमान बनाया
देहरादून। गुवाहाटी में चल रही 37वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चौंपियनशिप में चमोली की मानसी नेगी ने जूनियर महिला वर्ग (अंडर 20 वर्ष) की वॉकरेस में राष्ट्रीय कीर्तिमान बनाया है। मानसी ने 10,000 मीटर वॉकरेस 47 मिनट 30 सेकेंड में पूरी की और स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले उनका कीर्तिमान इसी रेस में 47 मिनट 59 सेकेंड का था। मानसी अभी तक इस चौंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक हासिल कर चुकी है। मानसी नेगी इस चौंपियनशिप में उत्तराखंड राज्य का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। उप क्रीड़ा अधिकारी देहरादून व मानसी के कोच अनूप बिष्ट ने बताया कि मानसी नेगी चौंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। वह वर्ष 2018 से महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स एक्सलेंसी सेंटर देहरादून में वॉकरेस का प्रशिक्षण ले रही हैं। चमोली खेल विभाग के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी विक्रम सिंह चौधरी ने बताया कि मानसी का खेलों के प्रति गहरा लगाव है। वह अभी तक कई बार राष्ट्रीय स्तर पर वॉकरेस में बेहतर प्रदर्शन कर चुकी हैं। मानसी की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों में उत्साह है।

सीएम ने मानसी नेगी को दी बधाई

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली निवासी मानसी नेगी द्वारा 37वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चौंपियनशिप की 10 कि.मी. रेस वॉक प्रतिस्पर्धा में नेशनल रिकॉर्ड अपने नाम करते हुए स्वर्ण पदक जीतने पर हार्दिक बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा की मानसी नेगी की यह स्वर्णिम सफलता देवभूमि उत्तराखंड के अनेक नवोदित खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी।

सीएम ने बाल दिवस की बधाई दी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाल दिवस पर बधाई देते हुए बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की है। मुख्यमंत्री ने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर उनका स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे बच्चे बहुत ही प्रतिभावान हैं। बच्चे देश का भविष्य हैं, दुनिया के बेहतर कल के लिए बच्चों का वर्तमान सुरक्षित होना आवश्यक है। बच्चों के संतुलित और समग्र विकास से ही हम देश और समाज को खुशहाल बना सकते हैं। राज्य सरकार बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिये शिक्षा व खेल की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्राथमिकता से काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *