चन्नी सरकार को बताया जिम्मेदार, जमकर की नारेबाजी,फूंका का पुतला

    • राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ता
    • प्रदेश में कई स्थानों पर भी जताया गया रोष

    देहरादून। पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा लापरवाही के मामले में देहरादून में भाजयुमो ने उग्र प्रदर्शन किया। उन्होंने कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का पुतला दहन किया। प्रदेश में कई अन्य स्थानों पर भी इस मामले को लेकर कड़ा रोष जताया गया और पंजाब के सीएम के पुतले फूंके गए।
    गुरूवार को भाजयुमो की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी के नेतृत्व में बड़ी संख्या कार्यकर्ता राजपुर रोड पर पहुंचे। जहां उन्होंने कांग्रेस पार्टी के िखलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस को प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी। प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो कार्यकर्ता पुलिस के बैरिकेड तोड़कर कांग्रेस मुख्यालय के गेट पर पहुंच गए। इस दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं और कांग्रेसियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। टकराव की स्थिति देख पुलिस बड़ी मुश्किल से भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को एस्ले हॉल चौक की ओर ले गई। भाजपा युवा मोर्चा ने एस्ले हॉल चौक पर पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का पुतला दहन किया। इस मामले में मसूरी और हरिद्वार में भी पुतला दहन किया गया। हल्द्वानी के कालाढूंगी चौराहे पर भी भाजपाईयों ने पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का पुतला दहन किया। मसूरी में शहीद भगत सिंह चौक पर भाजपा ने पंजाब सरकार का फूंका पुतला। भाजपाईयों ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपना विरोध जताया। केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्टð ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे के दौरान उनके काफिले को रोके जाने को उनकी सुरक्षा में बड़ी चूक बताया। इसके लिए उन्होंने पंजाब की कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया। केंद्रीय मंत्री व उत्तराखंड भाजपा के चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पंजाब में पाकिस्तान बॉर्डर के पास लंबे समय तक रोकना कांग्रेस पार्टी की साजिश है। उन्होंने कहा कि इसमें शायद कांग्रेस और पाकिस्तान के बीच कोई समझौता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के दौरान सुरक्षा में बड़ी चूक की निंदा की है। उन्होंने कहा कि इसे लोकतंत्र में काला अध्याय के तौर पर याद किया जाएगा।

    पीएम की सुरक्षा चूक को लेकर ढोंग रच रही भाजपाः प्रीतम
    साहिया। केन्द्र की जुमलेबाज सरकार एकबार फिर जनता को गुमराह करने के लिए प्रधानमंत्री की सुरक्षा के नाम पर ढोंग रचने का काम कर रही है। यह कहना है नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह का, जो उन्होंने साहिया में आयोजित एक जनसभा के बाद मीडिया से प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक के सवाल पर कहीं। दरअसल गुरूवार को नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह अपनी विधानसभा चकराता के साहिया क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उत्तराखंड में भारी बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार बनने का दावा किया। साथ ही केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए जुमलेबाज सरकार करार दिया। वहीं जब जनसभा के दौरान मीडिया से बात करते प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि भाजपा जुमले बाजों की सरकार है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनसभा में भीड़ न जुटने पर यह पूरा ढोंग रचा गया और प्रधानमंत्री ने अपने ऊपर खतरा बताया। प्रीतम सिंह ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सवाल खड़े करते हुए कहा कि वह बताए कि उन्हें किस तरह का खतरा था। क्या आजादी से पहले से लेकर आज तक भाजपा व उसके लोगों ने कौन सी कुर्बानी दी। इस मौके पर आनंद सिंह, शूरवीर सिंह, दीवान सिंह, धर्मी चौहान, गंभीर सिंह, भगत सिंह, दया राम, कुन्दन सिंह, विक्रम सिंह सूरी, मोहर सिंह, शांति तोमर, परमानंद शर्मा, कुंवर सिंह, जीवन सिंह आदि शामिल थे।

     

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *