चुनावी जनसभाओं में खूब गरजे शिवराज, राहुल व केजरीवाल को बताया राहु और केतु

  • कहा, उत्तराखण्ड में आ गए तो विकास को लग जाएगा ग्रहण
  • भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को किया संबोधित
  • कांग्रेस के चार धाम चार काम को लेकर भी बोला हमला

श्रीनगर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री इन दिनों उत्तराखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के लिए ताबड़तोड़ जनसभाएं कर रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को शिवराज सिंह चौहान ने गढ़वाल मंडल की अलग-अलग विधानसभाओं में चुनाव प्रचार किया। शिवराज सिंह चौहान ने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। शिवराज ने राहुल और केजरीवाल पर निशाना साधते हुए दोनों को राहु और केतु बताते हुए कहा कि यदि ये उत्तराखंड में आ गए तो विकास को ग्रहण लग जाएगा। ये ग्रहण लगाने आए हैं। वहीं, उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने कहा था कि अब कांग्रेस भंग कर दो। पंडित जवाहर लाल नेहरू ने बात नहीं मानी। लेकिन अब राहुल बाबा ने कसम खाई है कि गांधी जी के सपने को वो पूरा करके दिखाएंगे और कांग्रेस खत्म करके ही चैन की सांस लेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ पूर्व लोकसभा सांसद बलराज पासी, थराली विधायक मुन्नी देवी शाह समेत भाजपा प्रत्याशी भूपाल राम टम्टा भी जनसभा में मौजूद रहे। चोपता में शिवराज ने अपने भाषण की शुरुआत गढ़वाली में की। उन्होंने थराली विधानसभा की जनता को भांजा और भांजी कहकर संबोधित किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी शिवराज चौहान को मामा कहकर संबोधित करते हुए गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।
जनसभा को सम्बोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में वोट डालने की अपील की। साथ ही उन्होंने हरीश रावत समेत कांग्रेस पर भी भ्रष्टाचार को लेकर खूब निशाना साधा। उत्तराखंड में कांग्रेस के चार धाम चार काम के नारे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस में चार धाम सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा हैं।
इसके साथ ही उन्होंने उत्तराखंड में ऑल वेदर रोड, जल जीवन मिशन, कोरोनकाल में मुफ्त राशन, उज्ज्वला योजना, कर्णप्रयाग ऋषिकेश रेल लाइन, धारा 370, राम मंदिर निर्माण को भाजपा की बड़ी उपलब्धि बताया। शिवराज सिंह चौहान ने कहा उत्तराखंड में भाजपा एक बार फिर से पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *