उत्राखण्ड के शहीद मेजर विभूति ढौंडियाल मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित

  • दिल्ली में हुए अलंकरण समारोह में पत्नी ले.नीतिका कौल और मां ने राष्ट्रपति से ग्रहण किया पुरस्कार
  • जम्मू कश्मीर में 2019 में हुए एक सैन्य अभियान में शहीद हुए थे दून के लाल

देहरादून । पुलवामा में पांच आतंकवादियों को मौत के घाट उतारने वाले शहीद मेजर विभूति शंकर ढौंडियाल को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया। सोमवार को दिल्ली में आयोजित अलंकरण समारोह में उनकी पत्नी लेफ्टिनेंट नितिका कौल और मां ने राष्ट्रपति से पुरस्कार ग्रहण किया। दून निवासी विभूति ढौंडियाल जम्मू-कश्मीर में हुए 2019 में हुए सैन्य अभियान में शहीद हो गए थे। पुलवामा हमले के बाद जैश-ए-मोहम्मद के खिलाफ चले ऑपरेशन में शहीद हुए मेजर विभूति ढौंडियाल ने पांच आतंकवादियों को मार गिराया था। वर्तमान में उनके घर में मां सरोज, पत्नी नितिका और सबसे छोटी बहन वैष्णवी हैं। सबसे बड़ी बहन पूजा की शादी हो चुकी है। उनके पति विकास नौटियाल सेना में कर्नल हैं। उनसे छोटी बहन प्रियंका शादी के बाद अमेरिका में रहती हैं। शहीद मेजर विभूति को बचपन से ही सेना में जाने का जुनून था। पति शहीद मेजर विभूति शंकर ढौंडियाल के नक्शेकदम पर चलते हुए नितिका कौल ने सेना की वर्दी पहनी है। मेजर विभूति के शहीद होने के बाद पत्नी निकिता ने पति के सपने को पूरा करने के लिए सेना में जाने का निश्चय किया। निकिता ने दिसंबर 2019 में इलाहाबाद में वूमेन एंट्री स्कीम की परीक्षा दी थी। इसके बाद चेन्नई की ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (ओटीए) से निकिता को कॉल लेटर आया और ट्रेनिंग पूरी कर निकिता ओटीए की पासिंग आउट परेड में बतौर लेफ्टिनेंट आधिकारिक रूप से सेना में शामिल हो गईं। मेजर विभूति की शादी 18 अप्रैल 2018 को हुई थी। 19 अप्रैल को पहली बार पत्नी निकिता को लेकर वह डंगवाल मार्ग स्थित अपने घर पहुंचे थे। इसके ठीक दस माह बाद मेजर विभूति शहीद हो गए थे।

स्पीकर ने शहीद विभूति को मरणोपरांत शौर्य चक्र मिलने पर जताया हर्ष
देहरादून । विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने शहीद विभूति शंकर ढौंडियाल को मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित होने पर हर्ष व्यत्तफ करते हुए इसे गौरव का पल बताया है । उन्होने कहा कि देश के जांबाज सैनिक अपनी मात्रृभूमि के लिए सबकुछ न्योछावर करने की प्रेरणा हम सब को देते हैं। अग्रवाल ने कहा कि शहीद विभूति शंकर ढौंडियाल सहित अन्य जवानों को भी सैन्य सम्मान से नवाजा गया जो भारत के सैन्य परंपरा शौर्य, पराक्रम, वीरता को प्रदर्शित करता है । ज्ञात हो कि दून निवासी विभूति शंकर ढौंडियाल जम्मू-कश्मीर में 2019 में हुए सैन्य अभियान में शहीद हो गए थे। पुलवामा हमले के बाद जैश-ए-मोहम्मद के खिलाफ चले ऑपरेशन में शहीद हुए मेजर विभूति ढौंडियाल ने पांच आतंकवादियों को मार गिराया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *