भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मनाया गया जीत का जश्न

देहरादून। उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के साथ ही भाजपा कार्यकर्ता गदगद हैं। प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं ने भाजपा मुख्यालयों में ढोल नगाड़ों के साथ जश्न मनाया। एक दूसरे को मिठाई खिलाई। कहीं रंग गुलाल उड़ा तो कहीं पर आतिशबाजी की गई। इसी बीच मुख्यमंत्री धामी प्रदेश पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में अपार जनसमर्थन के लिए प्रदेश की देवतुल्य जनता का आभार व्यक्त करता हूं।

सीएम ने कहा कि इस जीत के अंतर को बढ़ाने के लिए हमारा संगठन आगे और कार्य करेगा। हम सभी उसके वाहक बनेंगे। आने वाले समय में निकाय, विधानसभा उपचुनाव और पंचायत के चुनाव होने हैं। हम सभी को इन चुनावों में जीत दर्ज करनी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा, लोकसभा की पांचों सीटों पर जीत की हैट्रिक सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हुए विकास पर वोटरों की मुहर है। कहा, राज्य का देवभूमि का स्वरूप बनाए रखने वाली धामी सरकार के निर्णय ने देश में जीत को शानदार बनाने का काम किया। भट्ट पार्टी कार्यालय में आयोजित जीत की खुशी में हुए कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और ढोल नगाड़ों संग जमकर नृत्य किया। भट्ट ने प्रदेश के मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। कहा, देश और प्रदेश में पहले से ही मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने का माहौल था। देवभूमि में विकास के सभी आयामों पर हुए शानदार कामों के प्रति अपने प्रेम को जनमानस ने नतीजों में तब्दील किया। उन्होंने उत्तराखंड का देवभूमि वाले स्वरूप को बनाए रखने वाले मुख्यमंत्री धामी के अभूतपूर्व एवं निर्णायक कदमों की प्रशंसा की। जिसके चलते देशभर में राज्य का नाम हुआ और जीत के शानदार बनने में भी इसका योगदान रहा। इससे पूर्व चंपावत एवं बागेश्वर विधानसभा उपचुनाव, हरिद्वार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव, रुद्रप्रयाग जिला पंचायत उपाध्यक्ष चुनावों में भी एकतरफा जीत हासिल हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *