बड़ी खबर: सड़क मार्गों और सेतु निर्माण को केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को दिए 615.48 करोड़ रुपए

देहरादून। उत्तराखंड सरकार के प्रयासों से सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, केन्द्र सरकार ने केन्द्रीय सड़क अवस्थापन निधि (सी.आर.आई.एफ.) के अन्तर्गत कुल 615.48 करोड़ रुपये की धनराशि 42 सड़क मार्ग एवं सेतुओं निमार्ण के प्रस्तावों को स्वीकृत दी है


शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में मीडिया से औपचारिक वार्ता करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने राज्य की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय सङक परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि केन्द्रीय सड़क निधि के अन्तर्गत राज्य गठन से वर्ष 2017 तक, 17 वर्षों में राज्य में 614.85 करोड़ रुपये की, जबकि पिछले चार वर्षों में 1124.25 करोड़ की स्वीकृतियां प्राप्त हुई हैं।

श्री धामी ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्याकाल में सी.आर.आई.एफ. के अन्तर्गत विभिन्न कार्यों हेतु विगत 508.77 करोड़ की स्वीकृति के कार्य गतिमान है। इस प्रकार सीआरआईएफ के अन्तर्गत वर्तमान सरकार के चार साल के कार्यालय में 1124.25 करोड़ रुपए की स्वीकृतियां प्राप्त हो गयी है। सरकार के इस अतुल्यनीय सहयोग से सड़क निर्माण/सेतु निर्माण के कार्य निर्वाध रूप से क्रियान्वित होंगे तथा मार्ग आम जनमानस के आवागमन हेतु सुलभ एवं आरामदायक होगें। केन्द्र सरकार के उक्त सहयोग से सड़क मार्गों में जाम की स्थिति में सुधार होगा तथा यातायात सुलभ एवं आरामदेय होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी प्रदेश की आर्थिक, सामाजिक उन्नति में आवागमन के साधनों की सुलभ उपलब्धता का अत्यधिक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में पर्वतीय भू-भाग के दृष्टिगत प्रदेश के नागरिकों के चहुंमुखी विकास में सड़क मार्गों की प्रासंगिकता अत्यन्त उपयोगी है। प्रदेश के विकास में सड़क मार्ग जीवन रेखा का कार्य करते हैं। प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में विषम भौगोलिक परिस्थितियों तथा वर्ष में निर्माण हेतु समय की अल्प उपलब्धता के कारण सड़क एवं सेतुओं के निर्माण में आने वाली अत्यधिक लागत को देखते हुए भारत सरकार द्वारा राज्य सरकार को प्रदान की गयी सहायता प्रदेश के विकास में सहायक सिद्ध होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *